दिल्ली: ट्रैक्टर रैली में झड़प के बाद कई मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद

किसानों की ट्रैक्टर रैली के केंद्रीय दिल्ली तक पहुँच जाने के बाद कई मेट्रो स्टेशनों के गेट को बंद कर दिया गया है। ग्रीन लाइन के सभी स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। आईटीओ, इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के अलावा कई अन्य स्टेशनों के गेट भी बंद कर दिए गए हैं। ट्रैक्टर रैली के दौरान किसानों और पुलिस के बीच झड़प हुई है। कई जगहों पर लाठी चार्ज और पथराव की घटनाएँ हुई हैं और आँसू गैस के गोले दागे गए हैं। 

हालाँकि, दिल्ली पुलिस ने किसानों को ट्रैक्टर रैली निकालने के लिए रविवार को ही मंजूरी दे दी थी, लेकिन इसने कई शर्तें भी लगा दी थीं। इन शर्तों पर किसानों को आपत्ति थी। इनमें सबसे महत्वपूर्ण रूट को लेकर किसान नाराज़ थे। एक शर्त यह भी थी कि किसान राजपथ पर गणतंत्र दिवस समारोह ख़त्म होने के बाद रैली निकालेंगे। लेकिन किसानों ने उससे पहले ही रैली निकालनी शुरू कर दी।

कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ आन्दोलन कर रहे किसान राजधानी दिल्ली के अंदरूनी हिस्सों तक पहुँच चुके हैं। केंद्रीय दिल्ली के आईटीओ के पास पुलिस उन्हें रोकने की नाकाम कोशिश कर रही है। पुलिस ने आँसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन पुलिस वालों की तुलना में किसानों की तादाद बहुत ज़्यादा है। चारों तरफ अफरातफरी का माहौल है।

इस बीच दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट किया है कि ग्रीन लाइन के सभी गेट बंद कर दिए हैं। इसने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है।

इससे पहले ग्रीन लाइन के ही टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां, घेवरा, मुंडका इंडस्ट्रीयल एरिया, मुंडका, नांगलोई सहित कई स्टेशनों के गेट बंद करने की घोषणा की गई थी। 

इसके साथ ही समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18/19, हैदरपुर बादली मोर, जहाँगीर पुरी, आदर्श नगर, आज़ादपुर, मॉडल टाउन, जीटीबी नगर, विश्व विद्यालय, विधानसभा और सिविल लाइंस के भी प्रवेश और निकासी के दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। 



https://ift.tt/31C9M2i
Previous
Next Post »

Please don't enter any spam link in comment box ConversionConversion EmoticonEmoticon