बंगाल: बीजेपी के दो गुटों में भिड़ंत, पार्टी दफ़्तर में तोड़फोड़

पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रही बीजेपी में नए बनाम पुराने नेताओं की जंग चल रही है। इस जंग को लेकर गुरूवार को पूर्वी बर्दवान जिले में दो गुटों में भिड़ंत हुई और पार्टी के दफ़्तर में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान दोनों गुटों के लोगों के बीच पत्थरबाज़ी भी हुई। 

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के मुताबिक़, बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने कहा कि इनमें से एक गुट पार्टी के पुराने नेताओं का था और उनका ग़ुस्सा इस बात को लेकर था कि पार्टी में दूसरे दलों से आए नए लोगों के कारण उन्हें किनारे किया जा रहा है। 

पार्टी के जिस दफ़्तर में तोड़फोड़ हुई है, उसका राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के द्वारा वर्चुअली उद्घाटन किया जा रहा था और दफ़्तर में बैठक चल रही थी। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के मुताबिक़, बीजेपी के एक नेता ने कहा कि पुराने नेताओं को सम्मान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी बातों को सुनने के बजाए पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनसे ही ग़लत व्यवहार शुरू कर दिया। 

बैठक के दौरान ही एक गुट बाहर निकल कर आया और दफ़्तर के बाहर खड़े दो मिनी ट्रकों में आग लगा दी। उन्होंने पार्टी दफ़्तर पर पत्थर फेंके और खिड़कियां तोड़ दीं। इसके बाद पुलिस आई और उसने हालात को संभाला। 

बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे टीएमसी के कार्यकर्ताओं का हाथ है जबकि टीएमसी ने कहा कि यह बीजेपी की अंदरूनी लड़ाई का नतीजा है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी का कोई कार्यकर्ता इस घटना में शामिल पाया जाता है तो उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। 

बंगाल चुनाव पर देखिए वीडियो- 

टीएमसी की बीरभूम जिले की इकाई के अध्यक्ष अनुब्रता मोंडल ने कहा, ‘बीजेपी के दो गुट एक दूसरे से भिड़े हैं, हम क्यों उनके दफ़्तर पर हमला करने जाएंगे। हमारे पास क्या कुछ और काम नहीं है।’ 

आसनसोल में भी दो गुटों में झड़प

इसके अलावा, आसनसोल में भी ऐसी ही घटना हुई है, जहां एक बैठक के दौरान बीजेपी के दो गुटों में झड़प हो गई। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और बीजेपी नेता अरविंद मोहन शामिल थे। हालांकि सुप्रियो का कहना है कि कई कार्यकर्ता एक ही बार में अपनी बात कहना चाहते थे और अपने नेताओं से बात करने में कुछ भी ग़लत नहीं है। 

पश्चिम बंगाल में अपनी सरकार बनाने के मक़सद से राज्य में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे बीजेपी के नेताओं के जवाब में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी जनसभाओं, रैलियों से चुनावी माहौल बनाना शुरू कर दिया है। हाल ही में बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले के बाद बीजेपी ने ममता सरकार पर हमले तेज़ किए हैं। बीजेपी का कहना है कि ममता सरकार में बीजेपी के कार्यकर्ताओं की लगातार हत्या हो रही है। 



https://ift.tt/3j3JRqL
Previous
Next Post »

Please don't enter any spam link in comment box ConversionConversion EmoticonEmoticon