आज रेल रोकेंगे आंदोलनकारी किसान, आरपीएफ़ अलर्ट पर 

कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ दिल्ली के कई बॉर्डर्स पर आंदोलन कर रहे किसान आज देश भर में 4 घंटे तक रेल रोकेंगे। किसान आंदोलन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि इसका वक़्त दिन में 12 से 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। 

इसे देखते हुए देश भर में रेलवे प्रोटेक्शन फ़ोर्स (आरपीएफ़) की 20 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। लेकिन चार राज्यों में इन्हें विशेष अलर्ट पर रखा गया है। ये राज्य पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल हैं। आरपीएफ़ के महानिदेशक अरूण कुमार ने सभी से अपील की है कि लोग शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि रेलवे जिला प्रशासनों के साथ संपर्क में है। 

किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा है कि किसान संगठन अब चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में भी जाएंगे और लोगों से कहेंगे कि वे ऐसे लोगों को वोट न दें जो हमारी रोजी-रोटी को छीन रहे हैं।

चक्का जाम किया था 

इससे पहले 5 फरवरी को किसानों ने चक्का जाम का आह्वान किया था और यह शांतिपूर्ण रहा था। पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे थे और यहां जाम का ख़ासा असर देखने को मिला था। इसके अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में भी किसानों ने प्रदर्शन किया था। 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान जिस तरह कुछ उपद्रवी तत्वों ने हिंसा का सहारा लिया, उसके बाद किसान संगठन बेहद सतर्कता बरत रहे हैं। 

12 फरवरी को राजस्थान में सभी टोल को फ्री कर दिया गया था। हरियाणा और पंजाब में किसान कई बार टोल को फ्री कर चुके हैं। 

किसान महापंचायतों का दौर जारी 

कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ उत्तर भारत के कुछ राज्यों में हो रही किसान महापंचायतों को लेकर माहौल खासा गर्म है। 26 जनवरी के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर हरियाणा, राजस्थान और उत्तरांखड में हुई महापंचायतों में जितनी बड़ी संख्या में लोग उमड़े हैं, उससे पता चलता है कि यह आंदोलन कई राज्यों में फैल चुका है।



https://ift.tt/35eNTaY
Previous
Next Post »

Please don't enter any spam link in comment box ConversionConversion EmoticonEmoticon