सिसोदिया आज कोर्ट में होंगे पेश, जमानत के चांस कम, आप का देशव्यापी प्रदर्शन

दिल्ली शराब घोटाले में कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार मनीष सिसोदिया का आज सोमवार को सीबीआई मुख्यालय में मेडिकल किया गया। उन्हें दोपहर 2 बजे राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा। देश के कई शहरों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में प्रदर्शन वाली जगहों पर धारा 144 लगा दी गई है।

मनीष सिसोदिया की जमानत आज एक दिलचस्प मामला होगा। अदालत किस आधार पर सिसोदिया की जमानत से इनकार कर सकती है सिसोदिया पर गिरफ्तारी की तलवार महीनों से लटक रही थी। अब अगर सीबीआई यह कहती है कि उन्होंने सबूत नष्ट कर दिए या सबूतों के साथ छेड़छाड़ की है तो उसका मौका सिसोदिया को किसने दिया। अगर सीबीआई यह कहेगी की सिसोदिया को जमानत दी गई तो वो गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं या भाग सकते हैं तो अदालत पूछ सकती है कि इसके लिए तो सिसोदिया के पास पर्याप्त समय पहले से ही था। बहरहाल, सिसोदिया को जमानत से इनकार किए जाने की पूरी संभावना है।


विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली हाई अलर्ट पर है और दिल्ली पुलिस ने कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मनीष को कल रविवार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश), 477 ए (धोखाधड़ी करने का इरादा) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत गिरफ्तार किया गया था।

सिसोदिया रविवार को दूसरे दौर की पूछताछ के लिए सुबह करीब 11 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे और शाम करीब सवा सात बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई आगे की जांच के लिए सिसोदिया का रिमांड अदालत से करेगी। अगर सीबीआई को उनकी हिरासत दी जाती है, तो एजेंसी उनका सामना अब तक गिरफ्तार आरोपियों से करा सकती है। अगर अदालत सिसोदिया को सीबीआई को रिमांड पर नहीं सौंपती है तो डिप्टी सीएम को फिर जेल भेज दिया जाएगा।

चंडीगढ़, बेंगलुरु और भोपाल में आप कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन की सूचनाएं हैं। दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। आप कार्यकर्ता बीजेपी दफ्तर पर प्रदर्शन कर सकते हैं। दिल्ली में पुलिस और आप कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने की सूचना है। 

 - Satya Hindi

सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में बेंगलुरु में प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता

इस बीच शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सिसोदिया की गिरफ्तारी की निन्दा की है। संजय राउत ने कहा कि विपक्ष की आवाज को चुप कराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा - दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले मनीष सिसोदिया जी को गिरफ़्तार करके भाजपा ने साबित कर दिया है कि भाजपा शिक्षा ही नहीं बल्कि दिल्ली के बच्चों के भविष्य के ख़िलाफ़ भी है। दिल्ली की जनता इसका जवाब अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को सातों सीटें हराकर देगी।



https://ift.tt/2ZODAmJ
Previous
Next Post »

Please don't enter any spam link in comment box ConversionConversion EmoticonEmoticon