प्रियंका की अगुवाई में मध्य प्रदेश कांग्रेस ‘हार्ड हिन्दुत्व’ की राह पर!

मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ‘हार्ड हिन्दुत्व’ का कार्ड ‘खेल’ दिया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की उपस्थिति में ‘संस्कारधानी’ जबलपुर में सोमवार को कांग्रेस के चुनावी शंखनाद के दौरान कांग्रेस स्पष्ट रूप से हार्ड हिन्दुत्व की ‘नाव’ पर सवार नज़र आयी!

वोटरों को रिझाने को लेकर शह और मात के खेल में मध्य प्रदेश कांग्रेस जबलपुर में ‘नये रूप’ में नज़र आयी है। पिछले दिनों कांग्रेस ने भोपाल स्थित अपने दफ्तर को भगवा रंग में रंगा था। प्रियंका गांधी के चुनावी शंखनाद दौरे का आगाज रेवा नदी के तट से हुआ है। जबलपुर पहुंचते ही प्रियंका गांधी को नर्मदा तट पर ले जाया गया। सौ से ज़्यादा पंडितों ने यहां विधि-विधान से मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और आरती करायी गई है। 

आयोजन में कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा के सदस्य दिग्विजय सिंह और राज्यसभा के अन्य सदस्य विवेक तन्खा सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस के नेता मौजूद रहे।

मध्य प्रदेश विधानसभा के साल 2018 के चुनाव में सत्ता के 15 सालों के ‘वनवास’ को समाप्त कराने में कामयाब रहने वाले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ एवं टीम पूरे उत्साह में नज़र आयी।

अब जबलपुर में प्रियंका के दौरे और चुनावी शंखनाद के मद्देनज़र हनुमान जी के 30-30 फीट के गदा की प्रति-कृतियों से सजाया गया है। इसके अलावा ‘भगवा’ एवं धर्म-कर्म का तड़का भी है।

चुनावी सभा में प्रियंका गांधी बोलीं, 'केन्द्र की सरकार ने 9 सालों और मध्य प्रदेश की 18 सालों की सरकार ने केवल जज्बातों उभारा है। इधर-उधर की बात की है।' उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारों और पार्टियों से अब तौबा कीजिये।

प्रियंका की ये बड़ी घोषणाएँ

  1. बहनों को 1500 रुपये प्रतिमाह देंगे
  2. गैस सिलेंडर 500 का देंगे
  3. 100 यूनिट बिजली सबके माफ
  4. 200 यूनिट बिजली हॉफ होगी
  5. पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे
  6. किसानों के 2 लाख तक के ऋण माफ करेंगे

दो दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दल-बल के साथ जबलपुर पहुंचे थे। लाड़ली बहना योजना का आगाज़ करते हुए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस की ‘काट’ के बाद नया दांव खेला है। शिवराज सिंह चौहान ने “लाड़ली बहनों” को हर माह 1 हजार रुपये देने का एलान किया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकार की घोषणा के अगले ही दिन काउंटर कर एलान किया था, कांग्रेस की सरकार बनी तो ‘लाड़ली बहनाओं’ को 1500 रुपये महीने की इमदाद देगी।

शिवराज सिंह चौहान ने 10 जून को जबलपुर में एक-एक हजार रुपये की राशि बहनाओं के खाते में सीधे ट्रांसफर करते हुए नई घोषणा कर दी है, ‘एक हजार रुपयों की राशि को खरामा-खरामा सरकार तीन हजार कर देगी।’

पार्टी का ‘नया रूप’ मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए कितना मददगार बनेगा, यह तो आने वाला वक्त बतायेगा। कांग्रेस के नये रूप और अंदाज को लेकर बीजेपी तंज कस रही है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री और शिवराज सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार सुबह मीडिया से कहा, ‘कांग्रेस को चुनाव के समय ही हिन्दुत्व की याद क्यों आती है’ उन्होंने कहा, ‘प्रियंका ऐसे लोगों के साथ मंच शेयर कर रही हैं जो महिलाओं के लिए अपशब्द बोलते हैं। ये चुनावी हिन्दू हैं।’

मिश्रा ने कहा, ‘चुनाव के समय ही गंगा मैया-नर्मदा मैया की याद क्यों आती है प्रियंका गांधी जी ने पांच साल पहले यूपी में गंगा में डूबकी लगाई थी, तब दो सीटें भर आयी थीं। कांग्रेस चाहे जो कर ले, मध्य प्रदेश में भी ऐसा ही होगा।’



https://ift.tt/zabSQ5A
Previous
Next Post »

Please don't enter any spam link in comment box ConversionConversion EmoticonEmoticon